सुप्रीम कोर्ट में आज विजय शाह प्रकरण की अहम सुनवाई, सीएम का बालाघाट दौरा और गौवंश–दूषित पानी मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // भोपाल में आज सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज रहने वाली है। एक ओर सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान को लेकर अहम सुनवाई होगी, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। इसके साथ ही राजधानी में गौवंश और दूषित पानी के मुद्दे पर कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट में विजय शाह मामले की सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट में आज मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के उस विवादित बयान पर सुनवाई होनी है, जो उन्होंने मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिया था। मंत्री के बयान को अपमानजनक और सांप्रदायिक करार दिया गया, जिसके बाद देशभर में आक्रोश फैल गया था।
मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। 19 जनवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को दो सप्ताह में अभियोजन की मंजूरी देने या न देने पर फैसला लेने का निर्देश दिया था। आज 9 फरवरी को राज्य सरकार कोर्ट के समक्ष अपना जवाब पेश करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई या दिशा तय की जा सकती है।
बालाघाट दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। वे महाराष्ट्र के गोंदिया एयरपोर्ट के माध्यम से बालाघाट पहुंचेंगे, जहां दोपहर 12 बजे उनका आगमन प्रस्तावित है।
बालाघाट में मुख्यमंत्री गृह विभाग के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस दिखाने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन दिए जाएंगे।
दोपहर 12 बजे से लगभग 3 बजे तक वे विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और भूमिपूजन जैसे कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे मुख्यमंत्री भोपाल लौटकर शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर पहुंचेंगे, जहां वे छात्रों से परीक्षा की तैयारी और चुनौतियों पर संवाद करेंगे।
गौवंश–दूषित पानी मुद्दे पर कांग्रेस का घेराव
राजधानी भोपाल में गौ मांस प्रकरण और दूषित पानी के मुद्दे पर आज फिर सियासी माहौल गरमाने के आसार हैं। भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस से 26 टन से अधिक गौ मांस पकड़े जाने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जांच में गौवंश की हत्या की पुष्टि होने पर स्लॉटर हाउस को सील कर दिया गया था।
अब आरोप है कि स्लॉटर हाउस से निकलने वाला गंदा पानी और अवशेष पात्रा नाले के जरिए हलाली डैम में छोड़े जा रहे हैं, जिससे पीने का पानी दूषित हो रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर आज कांग्रेस पार्टी भोपाल नगर निगम मुख्यालय (आईएसबीटी परिसर) का घेराव करेगी। पार्टी कार्यकर्ता पुतला दहन और नारेबाजी करेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में गौ हत्या हो रही है और दूषित पानी की समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। पार्टी ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और महापौर व निगम अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की है।



