सीएम डॉ. मोहन यादव दिल्ली दौरे पर, SIR पर कांग्रेस की अहम बैठक; प्रमोशन में आरक्षण फिर टला, OBC आरक्षण पर आज SC सुनवाई, राजस्थान को EVM देगा एमपी, भोपाल में बिजली कटौती

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर हैं। वे देर रात राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुए। बुधवार को मुख्यमंत्री बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा वे दिल्ली में कुछ स्थानीय कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। राजनीतिक हलकों में इस दौरे को संगठनात्मक और रणनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
SIR को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक आज
प्रदेश में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस आज एक महत्वपूर्ण बैठक करने जा रही है। बैठक में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और संगठन के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा।
फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर आई शिकायतों पर विशेष चर्चा होगी। कांग्रेस संगठन की ओर से आगे की रणनीति और दिशा-निर्देश भी तय किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम काटे जाने को लेकर लगातार शिकायतें सामने आई हैं।
प्रमोशन में आरक्षण का मामला फिर टला
मध्यप्रदेश में प्रमोशन में आरक्षण से जुड़ा मामला एक बार फिर टल गया है। हाईकोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई अब 5 फरवरी को होगी।
दरअसल, 3 फरवरी को सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन कॉज लिस्ट में मामला शामिल न होने के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई। इससे हजारों कर्मचारियों में एक बार फिर निराशा देखने को मिली है। प्रदेश में पिछले करीब सात महीनों से प्रमोशन अटके हुए हैं। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस द्वारा की जा रही है और संवैधानिक महत्व को देखते हुए प्रत्यक्ष सुनवाई की संभावना जताई जा रही है।
27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई संभव
ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो सकती है। चार दिन पहले हुई सुनवाई के दौरान ओबीसी वर्ग के अधिवक्ताओं ने सरकारी वकीलों के अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया था। सरकार ने इस आरोप का विरोध करते हुए कहा था कि वकील मौजूद थे। आज की सुनवाई इस मामले में दिशा तय कर सकती है।
राजस्थान को ईवीएम देगा मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान को ईवीएम मशीन उपलब्ध कराएगा। इसके लिए दोनों राज्यों के बीच अतिरिक्त एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 30 हजार कंट्रोल यूनिट और 60 हजार बैलेट यूनिट किराए पर दी जाएंगी। इन ईवीएम का उपयोग राजस्थान में नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में किया जाएगा।
राजधानी भोपाल में आज भी कई इलाकों में बिजली गुल
राजधानी भोपाल में बुधवार को भी कई क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। अलग-अलग इलाकों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे और कुछ स्थानों पर शाम 5 बजे तक बिजली नहीं आएगी।
प्रभावित क्षेत्रों में सागर स्टेट, निजामउद्दीन कॉलोनी, सुख सागर कॉलोनी, पलासी, पुष्पा नगर, बजरिया, चांदबड़, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, शाहपुरा, ई-7, मालवीय नगर और एमएलए क्वार्टर सहित कई कॉलोनियां शामिल हैं। बिजली विभाग के अनुसार रखरखाव कार्य के चलते सप्लाई प्रभावित रहेगी।



