छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी रात की ठंड, तीन दिनों में 1 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौटने के संकेत मिल रहे हैं। प्रदेश में मौसम फिलहाल शुष्क (ड्राई) बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे खासकर देर रात और सुबह के समय ठंड महसूस की जा सकती है।
वहीं दिन के तापमान को लेकर राहत की खबर है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में दिन के तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और मौसम सामान्य रूप से साफ बना रहेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है। इसके बावजूद रायपुर सहित कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। बिलासपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा रोड जैसे शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों को आने वाले दिनों में रात की बढ़ती ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।


