मुख्यमंत्री साय का परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय दौरा, छात्रों के लिए बस देने की घोषणा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय में अचानक पहुंचकर दिव्यांग छात्रों के बीच शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने आत्मीयता से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा और बस्तर अंचल के पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
बच्चों की मांग पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यालय को एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया और कहा कि किसी भी शारीरिक कमी से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों पर ईश्वर का विशेष आशीर्वाद होता है।
बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें बच्चों के बीच आकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। एक बच्ची के प्रश्न पर उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्हें पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना बहुत पसंद था। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आशीर्वाद दिया।

दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना मुख्यमंत्री श्री साय के साथ राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह एवं आईजी सुंदरराज पी. ने भी की।
उल्लेखनीय है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का शुभारंभ 11 सितंबर 2023 को किया गया था। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। वर्तमान में विद्यालय में 60 बच्चे अध्ययनरत हैं, जहां आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग-व्यायाम और कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।



