मौसम का डबल अटैक: 14 जिलों में बारिश की चेतावनी, उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) //
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र भोपाल ने अगले 24 घंटों में 14 जिलों के लिए हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है, वहीं प्रदेश के उत्तरी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, मुरैना, दतिया, भिंड, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, गुना, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है।
शुक्रवार सुबह प्रदेश के उत्तरी हिस्से के करीब 20 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ-साथ सागर, दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में दृश्यता काफी कम दर्ज की गई। भोपाल समेत अन्य जिलों में भी हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कोहरे का यह सिलसिला 2 फरवरी तक जारी रह सकता है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से ठंड में इजाफा हुआ है, हालांकि बारिश के बाद दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है। घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।



