छत्तीसगढ़ में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का दौरा, किसान मेला से योजनाओं की समीक्षा तक व्यस्त कार्यक्रम

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:30 बजे दुर्ग जिले के कुम्हारी में आयोजित किसान मेले में शामिल होंगे। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति भी रहेगी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का भ्रमण करेंगे तथा पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे।
दोपहर 3 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित राज्य के कृषि मंत्री और ग्रामीण विकास मंत्री शामिल होंगे।
नारायणपुर प्रवास का दूसरा दिन: शांति और विकास के कार्यक्रमों में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नारायणपुर प्रवास का आज दूसरा दिन है। सुबह 6 बजे वे नारायणपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री शांत सरोवर बिजली परियोजना और रामकृष्ण आश्रम नारायणपुर का दौरा करेंगे।
मुख्यमंत्री 11:05 बजे हेलीकॉप्टर से नारायणपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचने के बाद 2:30 से 5 बजे तक मंत्रालय महानदी भवन में आरक्षित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाम 5:55 बजे वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मनरेगा में बदलाव और धान खरीदी की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्काजाम
प्रदेश में मनरेगा कानून में बदलाव और धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।
सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन के बाद प्रमुख मार्गों पर प्रतीकात्मक चक्काजाम किया गया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और घेराबंदी से कई स्थानों पर अफरातफरी का माहौल रहा।
रायपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, चारों विधानसभा क्षेत्रों में धरना
राजधानी रायपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चारों विधानसभा क्षेत्रों में धरना देकर अपनी ताकत दिखाई। महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद रायपुर दक्षिण के राजीव गांधी चौक, रायपुर ग्रामीण के बोरियाखुर्द, रायपुर पश्चिम के पहाड़ी चौक और रायपुर उत्तर के फाफाडीह चौक में धरना आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा योजना के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ कर श्रमिकों के साथ अन्याय किया गया है। कांग्रेस ने जनजागरण अभियान जारी रखने का ऐलान किया।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
भागवत कथा
संस्थान: रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम
कथाव्यास: पंडित अखिलेश शास्त्री (वृंदावन)
स्थान: जीई रोड स्थित विवेकानंद आश्रम, सत्संग भवन
समय: शाम 7 से रात 9 बजे तक
वार्षिकोत्सव
संस्था: व्यास विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल
स्थान: राधाबाई कॉलेज के पास, मठपारा स्थित कमांडो ग्राउंड
समय: शाम 4 से रात 8 बजे तक
वार्षिकोत्सव ‘युगान्तर’
संस्था: महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज
स्थान: समता कॉलोनी स्थित कॉलेज परिसर
समय: शाम 5 बजे से



