रायपुर संभाग

ठंड की विदाई, गर्मी की दस्तक: छत्तीसगढ़ में बढ़ा तापमान, 3 फरवरी को बारिश के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में ठंड का असर अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आ रहा है और इसके साथ ही गर्मी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी रायपुर में पारा 18.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार जनवरी के अंतिम दिनों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने ठंड बढ़ने की प्रक्रिया पर ब्रेक लगा दिया। लगातार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते तापमान में गिरावट का सिलसिला थम गया और दिन-ब-दिन गर्मी का असर महसूस होने लगा है। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही मौसम में अभी हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड का दायरा और सिमटता जाएगा।

फिलहाल ठंड का असर मुख्य रूप से सुबह के समय महसूस हो रहा है, जो आगे चलकर कमजोर पड़ जाएगा। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। अंबिकापुर में तापमान सामान्य से करीब 2 डिग्री और रायपुर में 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

3 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तरी इलाकों को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व ईरान के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा 2 और 5 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेंगे। इसके प्रभाव से 2 फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है, वहीं 3 फरवरी को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

आज रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज यहां अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!