सरगुजा संभाग

तेज रफ्तार पिकअप उछलकर कार पर पलटी, चालक गंभीर, CCTV फुटेज वायरल

सूरजपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नेशनल हाईवे-43 पर एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह हादसा बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एस्सार पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां चलती मालवाहक पिकअप अनियंत्रित होकर उछलते हुए सामने से आ रही कार के ऊपर पलट गई।

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि स्विफ्ट डिजायर कार सूरजपुर से बिश्रामपुर की ओर जा रही थी और पेट्रोल पंप की दिशा में मुड़ रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप अचानक नियंत्रण खो बैठी और जोरदार उछाल के साथ सीधे कार के ऊपर चढ़ते हुए पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप कुछ देर तक कार के ऊपर ही अटकी रही, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में कार चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कटर मशीन की मदद से कार को काटकर चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग सुचारु कराया। बिश्रामपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!