अवैध शराब बिक्री पर पुलिस का सघन अभियान , दो आरोपी गिरफ्तार !

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पुलिस आयुक्त के निर्देश पर पश्चिम रायपुर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान जारी है। इसी क्रम में डीसीपी (वेस्ट) संदीप कुमार पटेल के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और एसीपी देवांश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में 29 जनवरी 2026 को थाना आमानाका क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुकुरबेडा ओवरब्रिज के नीचे देवार पारा इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान बोदु देवार और उसका साथी बलवंत देवार को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से अंग्रेजी शराब गोवा के 11 पौवा और देशी मसाला शोले शराब के 49 पौवा जब्त किए गए। प्रत्येक शराब की बोतल 180 एमएल की थी, जिनकी कुल संख्या 60 पौवा थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



