CG Morning News : सीएम साय की DG कॉन्फ्रेंस से शुरुआत, राजधानी में बढ़ते अपराध के विरोध में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, आज जिला स्तरीय बस्तर पंडुम का आयोजन और अन्य ताज़ा खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर जिले में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे डीजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद मुख्यमंत्री के साथ यह पहली उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन एवं साइबर थाना का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे।
दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री अभनपुर विकासखंड के नवागांव पहुंचेंगे, जहां कुंभकार समाज के महाअधिवेशन, युवा-युवती परिचय सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग पेश करेगा दो साल का रिपोर्ट कार्ड
पर्यटन, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग की आज महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। विभागीय अधिकारी दोपहर 12:30 बजे संवाद भवन में पिछले दो वर्षों की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड मीडिया के सामने रखेंगे। इस दौरान राज्य में पर्यटन विकास, सांस्कृतिक संरक्षण एवं पुरातात्त्विक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
आज जिला स्तरीय बस्तर पंडुम का आयोजन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार जिला प्रशासन कांकेर द्वारा आज 28 जनवरी को गोंडवाना भवन, भीरावाही में प्रातः 10 बजे से जिला स्तरीय बस्तर पंडुम का आयोजन किया जा रहा है।
बस्तर पंडुम बस्तर अंचल की पारंपरिक आदिवासी संस्कृति का महोत्सव है, जिसमें लोकनृत्य, लोकगीत, पारंपरिक वाद्ययंत्र, वेशभूषा एवं रीति-रिवाजों का जीवंत प्रदर्शन होगा। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों और आदिवासी समाज की प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान और जनभागीदारी को सशक्त करेगा। इस बार कोलांग विशेष आकर्षण रहेगा।
मध्यान्ह भोजन रसोइया करेंगे मंत्रालय घेराव
रायपुर। मानदेय वृद्धि, विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर सेवा समाप्त न करने तथा अंशकालीन सेवा को पूर्णकालीन करने की मांग को लेकर नवा रायपुर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे मध्यान्ह भोजन रसोइयों ने 29 जनवरी को मंत्रालय घेराव की घोषणा की है।
छत्तीसगढ़ स्कूल मध्यान्ह भोजन रसोईया संयुक्त संघ के प्रदेश अध्यक्ष रामराज कश्यप, सचिव मेघराज बघेल एवं कोषाध्यक्ष कन्हैया खुदराम ने बताया कि रसोइया 29 दिसंबर से तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हाल ही में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर उन्हें मांगों से अवगत कराया गया था।
राजधानी में आज कांग्रेस के दो बड़े विरोध प्रदर्शन
राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस दो मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
सुबह 11:30 बजे मुजगाहन थाना क्षेत्र में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मुजगाहन थाने का घेराव किया जाएगा।
वहीं दोपहर 3 बजे जमीन की गाइडलाइन दर में बढ़ोतरी के खिलाफ राजीव गांधी चौक में धरना दिया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी गाइडलाइन दर बहाल करने की मांग करेंगे।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
भागवत कथा
संस्था – रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम
कथाव्यास – पंडित अखिलेश शास्त्री (वृंदावन)
स्थान – जीई रोड स्थित विवेकानंद आश्रम का सत्संग भवन
समय – शाम 7 से रात्रि 9 बजे तक
महफिल-ए-शमा कार्यक्रम
चिराग वाले बाबा के उर्स पर
कव्वाल – तस्लीम हसनेन नियाजी व हमनवा (बरेली शरीफ)
स्थान – दरगाह परिसर, हलवाई लाइन
समय – रात्रि 9 बजे से
योग क्लास
संस्था – सत्यदर्शन योगाश्रम
स्थान – सिविल लाइन स्थित योगाश्रम भवन
समय – शाम 5 से 6 बजे तक
निःशुल्क पीएससी कोचिंग
संस्था – विकास परिषद
स्थान – नूतन स्कूल, आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा
समय – शाम 5 से रात्रि 9 बजे तक




