ठंड से मिलेगी राहत, अगले 48 घंटे में बढ़ेगा रात का तापमान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने ठंड से राहत के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की गिरावट की संभावना है, हालांकि उसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित करने वाले दो प्रमुख सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ है, जो अब मध्य और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक पछुआ हवाओं में एक द्रोणिका के रूप में स्थित है। इसका अक्ष समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 60 डिग्री पूर्वी देशांतर के साथ 25 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में बना हुआ है। वहीं दूसरा सिस्टम पूर्वोत्तर क्षेत्र में सक्रिय उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम है, जो समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 110 नॉट की रफ्तार से बह रही है।
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।



