मकर संक्रांति पर धूमधाम, CM डॉ. मोहन यादव इंदौर और उज्जैन के दौरे पर; उज्जैन में आज से शुरू होगा पांच दिवसीय श्री महाकाल महोत्सव

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में आज मकर संक्रांति की खुशियाँ नजर आईं। शहर के छतों, पार्कों और खुले मैदानों में रंग-बिरंगी पतंगों से आसमान सजा और पतंगबाजी का उत्सव जोरदार ढंग से मनाया गया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस आनंद में डूबे नजर आए।
मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई, जहां भक्तजन सुबह से ही सूर्य देव को अर्घ्य दे रहे थे। तिल-गुड़ के लड्डू, खिचड़ी और चिक्की का प्रसाद चढ़ाकर लोग सूर्य भगवान की कृपा प्राप्त कर रहे थे। यह त्योहार न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि फसल कटाई और नए साल की शुरुआत का प्रतीक भी है। शहर के कई हिस्सों में पतंगबाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर और उज्जैन दौरे पर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर और उज्जैन दौरे पर रहेंगे। सीएम सुबह 11:30 बजे समत्व भवन में बैठक करेंगे, इसके बाद दोपहर 12:50 बजे भोपाल से इंदौर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:30 बजे लता मंगेशकर ऑडिटोरियम में अमृत 2.0 – इंदौर जलप्रदाय योजना से संबंधित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर 2:30 बजे नौलखा, इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके बाद दोपहर 3:35 बजे इंदौर से उज्जैन के लिए रवाना होंगे। शाम 7:00 बजे वे श्री महाकाल महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
उज्जैन में आज से श्री महाकाल महोत्सव की शुरुआत
उज्जैन ( शिखर दर्शन ) // बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन आज से ऐतिहासिक श्री महाकाल महोत्सव की मेजबानी कर रही है। 14 जनवरी 2026 से शुरू हो रहे इस पांच दिवसीय महोत्सव में कला, संगीत, भक्ति और वैचारिक विमर्श का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 7 बजे श्री महाकाल महालोक में महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। यह महोत्सव 18 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के ख्यातिलब्ध कलाकार भगवान शिव की आराधना स्वर-लहरियों और नृत्य से करेंगे।
महोत्सव की मुख्य आकर्षण और कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- 14 जनवरी: सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक शंकर महादेवन अपने पुत्रों सिद्धार्थ और शिवम् के साथ ‘शिवोऽहम्’ की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। शाम 7 बजे से महाकाल लोक शिव-नाद से गूंजेगा।
- 15 जनवरी: मुंबई का प्रसिद्ध द ग्रेट इंडियन क्वायर ‘शिवा’ थीम पर मधुर प्रस्तुति देंगे।
- 16 जनवरी: सुप्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा अपनी संगीत यात्रा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
- 17 जनवरी: इंदौर के श्रेयश शुक्ला और मुंबई के विपिन अनेजा एवं उनके बैंड द्वारा सुगम संगीत की शाम।
- 18 जनवरी: समापन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर – इंडोनेशिया के कोकोरदा पुत्रा और श्रीलंका के अरियारन्ने कालूराच्ची दल ‘शिव केंद्रित नृत्य नाटिका’ प्रस्तुत करेंगे, जो महोत्सव के वैश्विक विस्तार को दर्शाएगा।



