रायपुर संभाग

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज, 18 जनवरी तक कड़ाके की ठंड से राहत, अंबिकापुर में पारा 4.6 डिग्री

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। नमीयुक्त हवाओं के कारण आने वाले एक सप्ताह तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना है। खासतौर पर रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिसका असर उत्तरी छत्तीसगढ़ में अधिक देखने को मिलेगा।

मौसम में बदलाव के चलते शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आई और ठंडक का अहसास बना रहा। जनवरी के पहले दस दिन सामान्य ठंड के साथ गुजर चुके हैं, लेकिन अब 18 जनवरी तक तीखी ठंड से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने साइक्लोन के कारण मध्य स्तर पर नमी आ रही है। इसका सीधा असर रात के तापमान पर पड़ेगा।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बिलासपुर में दिन का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर भी देखने को मिला।

सरगुजा संभाग में ठंड का सबसे ज्यादा असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल सरगुजा संभाग में ठंड का जोर बना हुआ है। मैनपाट, बलरामपुर, जशपुर सहित कई क्षेत्रों में बर्फ जमने जैसी स्थिति देखी जा रही है। मौसम में होने वाले बदलाव का असर सबसे पहले इन्हीं इलाकों में दिखाई देगा। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ में भी नमी के कारण ठंड से राहत मिलेगी।

विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड का मौसम अभी समाप्त नहीं हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के हटने के बाद जनवरी के दूसरे पखवाड़े में फिर से ठंड तेज हो सकती है। कई बार जनवरी के आखिरी दिनों में ही सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है।

रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!