तापमान में तेज गिरावट से बढ़ी ठंड, छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में कोहरा छाने की संभावना

शुष्क हवा की वापसी से छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, मध्य और उत्तरी इलाकों में शीतलहर के आसार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में शुष्क हवा के लौटने से बीते 24 घंटे में ठंड का असर तेज हो गया है। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड ज्यादा महसूस की जा रही है। रायपुर और माना में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड का प्रभाव अधिक रहेगा, इसके बाद धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
CG Weather Update:
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में ठंड ने जोर पकड़ा। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान 1 से 4 डिग्री तक गिरने से रात में शीतलहर और सुबह धुंध का असर रहा। कड़ाके की ठंड के कारण दिन की धूप भी खास राहत नहीं दे सकी। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद लौटी ठंडी हवा का सबसे ज्यादा असर मध्य इलाकों—रायपुर और दुर्ग जिलों—में देखा गया।
दो दिन तक शीतलहर की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं अगले दो दिनों तक मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने के आसार हैं।
15 जनवरी तक बढ़ेगा न्यूनतम तापमान
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 15 जनवरी तक तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ने की संभावना है।
तापमान में दर्ज गिरावट
- लालपुर: 14.3 से घटकर 11.0 डिग्री
- माना: 12.1 से गिरकर 7.0 डिग्री
- दुर्ग: 12.0 से गिरकर 7.4 डिग्री
- जगदलपुर: 12.9 से गिरकर 10.5 डिग्री
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा, इसके बाद तापमान बढ़ने के साथ ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।



