छत्तीसगढ़ में फिर लौटेगी ठंड: नमी घटने से रात का पारा गिरेगा, रायपुर में आज साफ आसमान रहने की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) //
तमिलनाडु के ऊपर बने सिस्टम के श्रीलंका की ओर खिसकने के कारण छत्तीसगढ़ में अल्प समय के लिए ठंड की वापसी के आसार बन गए हैं। प्रदेश में न्यूनतम तापमान बीते दिनों दस डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका था, लेकिन गुरुवार के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
मध्य हिस्सों में पिछले दो-तीन दिनों से ठंड पूरी तरह गायब हो चुकी है और दिन के समय गर्माहट का अहसास बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेश में नमी की मात्रा में कमी आएगी, जिसके चलते रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। इससे ठंड में हल्की बढ़ोतरी महसूस होगी।
हालांकि, यह ठंड ज्यादा समय टिकने वाली नहीं है। बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे आने वाली हवाओं में फिर से नमी बढ़ेगी और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। पिछले 24 घंटों में रायपुर का न्यूनतम तापमान बढ़कर 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है।
आज रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आकाश पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



