अमित शाह का चेतावनी भरा बयान , कहा — ऐसी सजा देंगे.. दुनिया के लिए मिसाल बनेगी.. “दिल्ली ब्लास्ट के आतंकियों को ले कर कही ये बात”

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर शाम को हुए कार बम धमाके के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आतंकवादी घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी और कोई भी दोबारा ऐसा हमला करने की हिम्मत न करे।
जांच में नया खुलासा सामने आया है कि इस ब्लास्ट का कनेक्शन मेवात क्षेत्र से जुड़ा हो सकता है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार शाम करीब 6 बजे हरियाणा के नूह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के बसई मेव गांव में छापेमारी की।
सुरक्षा की गंभीरता को देखते हुए अमित शाह का गुजरात दौरा रद्द कर दिया गया है। उन्हें अहमदाबाद फूड फेस्टिवल और अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन करना था, लेकिन अब वे दिल्ली में ही रहेंगे।
इस धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। घायलों का इलाज लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में किया जा रहा है। 12 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
