मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा और जशपुर दौरे पर, छठ महापर्व में होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कोरबा और जशपुर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 1:30 बजे रायपुर से रवाना होकर सबसे पहले कोरबा पहुंचेंगे, जहां अग्रसेन भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 3:30 बजे वे कोरबा से रवाना होकर अपने गृह जिले जशपुर जाएंगे। जशपुर के दुलदुला में मुख्यमंत्री छठ घाट पहुंचकर लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे अपने निज निवास ग्राम बगिया में रात्रि विश्राम करेंगे।
CBSE छात्रों के लिए आज आखिरी मौका, विवरण सुधारने की अंतिम तिथि आज
नई दिल्ली // केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मुख्य परीक्षाओं की संभावित तिथियों के साथ प्रायोगिक परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। 2026 की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी, जबकि कुछ विषयों जैसे पेंटिंग और ऑटोमोटिव की परीक्षाएं 12:30 बजे तक समाप्त होंगी।
इस वर्ष लगभग 45 लाख छात्र 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। 10वीं की परीक्षा दो-बोर्ड प्रणाली में होगी, वहीं विंटर बाउंड स्कूलों में प्रायोगिक परीक्षाएं 6 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलेंगी। मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी—10वीं की 7 मार्च तक और 12वीं की 9 अप्रैल तक चलेंगी।
CBSE ने स्कूल प्राचार्यों को एलओसी डेटा करेक्शन विंडो के माध्यम से छात्रों के व्यक्तिगत व शैक्षणिक विवरणों में संशोधन का आज अंतिम अवसर दिया है।
दिल्ली-रायपुर के बीच दो नई फ्लाइट शुरू, अब रोजाना आठ उड़ानें
रायपुर // दिल्ली और रायपुर के बीच हवाई यात्रा अब और सुगम हो गई है। एयर इंडिया और इंडिगो की दो नई फ्लाइट रविवार से ट्रैक पर आ गई हैं। पहली उड़ान के दौरान एयर इंडिया के विमान से 65 यात्री आए और 82 ने वापसी की। वहीं, इंडिगो की फ्लाइट से 67 यात्री रायपुर पहुंचे और 72 यात्री दिल्ली के लिए रवाना हुए।
इन दो नई उड़ानों के साथ अब रायपुर और दिल्ली के बीच रोजाना आठ फ्लाइट संचालित होंगी—जिनमें इंडिगो की 5 और एयर इंडिया की 3 फ्लाइट शामिल हैं। रायपुर एयरपोर्ट से फिलहाल दर्जनभर शहरों के लिए हवाई सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु आवेदन का आज अंतिम दिन
राजनांदगांव // जिले के सभी शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। इसके लिए इच्छुक व योग्य आवेदकों से 27 अक्टूबर 2025 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन का प्रारूप और विस्तृत जानकारी कलेक्टोरेट राजनांदगांव के समग्र शिक्षा परियोजना कार्यालय, कक्ष क्रमांक 112 से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती हवाओं का असर, अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना
रायपुर // बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के चक्रवाती तूफान में बदलने से छत्तीसगढ़ का मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में दक्षिण छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कई स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के अनेक हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज संत जलाराम जयंती समारोह, विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन
रायपुर // श्रीजलाराम सेवा समिति की ओर से आज संत जलाराम जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में सदाचरण कथा सहित विविध धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजन श्रीगंगाराम शर्मा सामुदायिक भवन, इंडोर स्टेडियम बूढ़ापारा में अपरान्ह 3 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।



