रायपुर संभाग

रायपुर में शक्ति, योजना और जनता का संगम: मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं के साथ आज शहर में आयोजन की भरमार

मुख्यमंत्री विश्व मानक दिवस में, उपमुख्यमंत्री अरुण साव जनसंपर्क में, मंत्री और अधिकारी करेंगे व्यापक दौरे और समीक्षा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में मंगलवार को कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम और बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। आइए देखें दिनभर के प्रमुख कार्यक्रम:


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11 बजे विश्व मानक दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री के दो दिवसीय कलेक्टर्स, पुलिस अधीक्षक व वनमंडलाधिकारी कॉन्फ्रेंस के बाद मुख्य सचिव विकास शील मंगलवार सुबह 10 बजे विभागीय सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक लेंगे। बैठक में सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव शामिल होंगे। बैठक में वाणिज्य व उद्योग विभाग के सचिव पीएम गति शक्ति और जेम पोर्टल से खरीद के संबंध में प्रेजेंटेशन देंगे, जबकि जनसंपर्क सचिव मीडिया से जुड़े कार्यों पर प्रस्तुति देंगे।


उपमुख्यमंत्री अरुण साव का जनसम्पर्क कार्यक्रम

उपमुख्यमंत्री अरुण साव आज बीजेपी प्रदेश कार्यालय के सहयोग केंद्र में आम जनता और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई और समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। बीजेपी का सहयोग केंद्र नियमित रूप से अलग-अलग मंत्रियों के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुन रहा है।


MP नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का छत्तीसगढ़ दौरा

कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे सुबह 10 बजे बिलासपुर से प्रस्थान करेंगे और 10:20 बजे रतनपुर स्थित महामाया मंदिर में माता के दर्शन करेंगे। इसके बाद 10:40 बजे तिवर्ता (कोरबा) के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:30 बजे तिवर्ता पहुंचकर गुरुदादा महाराज श्री दुर्गा भगत आश्रम में दर्शन करेंगे। वे दोपहर 1 बजे तिवर्ता से प्रस्थान कर शाम 4 बजे रायपुर पहुंचेंगे और न्यू सर्किट हाउस, नवा रायपुर में रात्रि विश्राम करेंगे।


दगोरी रेलवे फाटक बंद

रायपुर रेल मंडल में दगोरी-निपनिया के दगोरी गेट समपार फाटक 15 अक्टूबर सुबह 9 बजे से 18 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान रेल पथ मिडिल लाइन पर आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाएंगे और वाहनों का आवागमन बाधित रहेगा।


छग फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के हॉल का लोकार्पण

भनपुरी में जीर्णोद्धार एवं आधुनिक साज-सज्जा के बाद तैयार हुए छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज के हॉल का लोकार्पण 14 अक्टूबर को वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के मुख्य आतिथ्य में होगा। समारोह में फेडरेशन के अध्यक्ष शंकर बजाज और सचिव लव बंसल उपस्थित रहेंगे। रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू और औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। यह ऑडिटोरियम लगभग डेढ़ सौ लोगों की बैठने की क्षमता वाला, पूर्णतः वातानुकूलित और आधुनिक साउंड सिस्टम से लैस है।


किशोर न्याय अधिनियम के बेहतर क्रियान्वयन हेतु अभिनव कार्यक्रम

महिला एवं बाल विकास विभाग के छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण समिति द्वारा किशोर न्याय अधिनियम के तहत बच्चों के संस्थागत और गैर- संस्थागत देखरेख के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अभिनव कार्यक्रम का शुभारंभ 14 अक्टूबर को महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में रायपुर के खम्हारडीह स्थित शासकीय बालिका गृह में किया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, संरक्षण अधिकारी गैर संस्थागत, बाल देखरेख संस्थाओं के अधीक्षक एवं बाल कल्याण अधिकारी भाग लेंगे।


मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का जांजगीर-सक्ति दौरा

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज जांजगीर और सक्ती जिले का दौरा करेंगे। प्रभारी मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला सक्ती दौरा है। वे हसौद, छपोरा, मालखरौदा में कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किए जाने के बाद अडभार में मां अष्टभुजी के दर्शन करेंगे। शाम को सक्ती के जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और रात्रि विश्राम सक्ती के विश्राम गृह में करेंगे।


जिला स्तरीय समीक्षा बैठक

छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरूराम निषाद और उपाध्यक्ष चंद्रकांति वर्मा द्वारा जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक मंगलवार दोपहर 12 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में शासन के सभी विभागों द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग हितकारी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन समीक्षा किया जाएगा। साथ ही क्रीमीलेयर निर्धारण के संबंध में विशेष चर्चा भी की जाएगी।


रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

  • राष्ट्रीय सेमिनार का समापन – अग्रसेन कॉलेज, पुरानी बस्ती, सुबह 10 बजे
  • फेडरेशन हॉल का लोकार्पण – छत्तीसगढ़ फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज, भनपुरी चौक (दम्मानी पेट्रोल पंप के सामने), दोपहर 12 बजे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!