छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: कई जिलों में बारिश का असर बरकरार, आज इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी

कई जगहों पर भारी बारिश, बारसूर में सबसे ज्यादा 7 सेमी; रायपुर में आज बादल और बौछारों के आसार
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, वहीं कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, आज से बारिश की रफ्तार में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है।
बारसूर में सबसे अधिक वर्षा
बारसूर में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बिहारपुर में 6 सेमी, कुसमी, छुरा, कशडोल, बोदारी और दौरा कोचली में 5-5 सेमी, पचपेड़ी और सोनहत में 4-4 सेमी, जबकि पेंड्रा, अहिवारा, भखारा, मस्तूरी, कुनकुरी, चांदो, भटगांव और बैकुण्ठपुर में 3-3 सेमी वर्षा दर्ज की गई। अन्य स्थानों पर 3 सेंटीमीटर से कम वर्षा हुई।
कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए नारायणपुर, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, तापमान रहेगा सामान्य
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
तापमान की स्थिति
राज्य में शनिवार को सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में मामूली वृद्धि हो सकती है, लेकिन मानसूनी गतिविधियां फिलहाल जारी रहेंगी।



