अन्तर्राष्ट्रीय

वियतनाम में चक्रवात ‘बुआलोई’ का कहर: 19 की मौत, 13 लापता, बाढ़-भूस्खलन से हनोई तक जलमग्न

वियतनाम (एजेंसी)// चक्रवात ‘बुआलोई’ के कारण वियतनाम में भारी तबाही मच गई है। लगातार हो रही मूसलधार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 13 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि भारी बारिश का दौर अभी और जारी रह सकता है।

नदियां उफान पर, यातायात बाधित

पिछले 24 घंटों में वियतनाम के कई हिस्सों में 30 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण सोन ला और लाओ काई प्रांतों के उत्तरी पहाड़ी इलाकों से लेकर मध्य न्घे एन प्रांत तक यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। बांधों से छोड़े गए पानी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।

घरों में घुसा पानी, लोग हुए बेघर

येन बाई प्रांत में थाओ नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया, जिसके चलते कई घरों में एक मीटर तक पानी भर गया। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। राजधानी हनोई की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। अधिकारियों ने लाल नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी है।

13 लापता, मछुआरों की तलाश जारी

सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, लापता 13 लोगों में से 8 मछुआरे हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है। वहीं, इसी ‘बुआलोई’ तूफान ने इससे पहले फिलीपींस में भी कम से कम 20 लोगों की जान ले ली थी। सोमवार तड़के वियतनाम से टकराने के बाद तूफान लंबे समय तक वहीं टिका रहा, जिससे आपदा और भी गंभीर हो गई।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!