पुलिस ने साइबर टीम के साथ मिलकर 3 शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार, 4 मोटर साइकल बरामद

जांजगीर चांपा ( शिखर दर्शन ) // पुलिस ने साइबर टीम और थाना अकलतरा की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजिला के तीन शातिर लुटेरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से 4 मोटर साइकल, एक कैची और घटना में इस्तेमाल किया गया काला स्कार्फ जप्त किया गया है।
आरोपियों की पहचान भीम पासी, चंदन सिंह चौहान और विकास पासी के रूप में हुई है। ये सभी बिलासपुर जिले के महमन लाल खदान के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने थाना सकरी और थाना मस्तूरी (बिलासपुर) तथा थाना अकलतरा (जांजगीर चांपा) क्षेत्र में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर राहगीरों को रोककर चाकू की नोक पर लूट की वारदात अंजाम दी थी।
थाना अकलतरा में प्रार्थी संतोष यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर 2025 की रात 12 बजे, हमसफर ढाबा से घर लौटते समय तीन अज्ञात लोग मोटर साइकल पर आए और उन्हें नुकीली वस्तु तथा हाथ-मुक्का से मारपीट कर 1,000 रुपये और मोटर साइकल सुपर स्प्लेंडर लूट कर ले गए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा और साइबर टीम ने टेक्निकल एनालिसिस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया।



