रायपुर संभाग

होटल, ढाबा, क्लब और पब सहित सभी रेस्टोरेंट अब रात 12 बजे के बाद होंगे बंद ! नोटिस की अवहेलना पर होगी सख्त कार्रवाई

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // शहर के तेलीबांधा क्षेत्र में स्थित होटल, बार, क्लब, पब और रेस्टोरेंट अब रात 12 बजे के बाद बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रात 12 बजे के बाद किसी भी तरह की पार्टी या आयोजन की अनुमति नहीं होगी। डीजे और अन्य साउंड सिस्टम भी निर्धारित समय के बाद इस्तेमाल नहीं किए जा सकेंगे।

तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार को सभी व्यवस्थापकों को नोटिस जारी कर नई गाइडलाइन की जानकारी दी है। नोटिस में कहा गया है कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है।

सिविल लाइन के सीएसपी रमाकांत साहू ने बताया कि प्रशासन ने होटल, ढाबा, क्लब और पब को रात 12 बजे तक खोलने की अनुमति दी है। इसके बाद सभी स्थान रात 12:30 बजे तक बंद कराए जाएंगे। देर रात तक न तो पार्टी आयोजित की जा सकेगी और न ही शराब परोसी जाएगी। इस दौरान केवल फूड पार्सल सेवा की अनुमति रहेगी।

साथ ही प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया है कि होटल, क्लब और पब में किसी भी कार्यक्रम का आयोजन करने से पहले थाना में सूचना देना अनिवार्य होगा। कार्यक्रम से जुड़ी सभी प्रमुख जानकारी, डीजे का विवरण, निजी सुरक्षाकर्मी, सीसीटीवी कैमरे और गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा।

यह कदम शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!