दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी हिरासत में

दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास सिविल लाइंस में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान हमला हो गया। मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुन रही थीं, तभी एक व्यक्ति अपनी समस्या लेकर वहां पहुंचा और अचानक रेखा गुप्ता को थप्पड़ मार दिया।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में लिया और सिविल लाइंस थाने भेजा। पुलिस इस समय आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किसी व्यक्तिगत नाराजगी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई साजिश थी।
भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि जनसुनवाई जनता की समस्याओं को सुनने और सुलझाने का माध्यम है। ऐसे कार्यक्रमों में इस तरह का हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है।
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, “यह घटना बेहद दुखद है और महिला सुरक्षा पर बड़ा सवाल उठाती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या आम महिला की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है।”
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान को फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है और पूछताछ के बाद ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में सिविल लाइंस स्थित राजनिवास मार्ग पर मुख्यमंत्री जनसेवा सदन की शुरुआत हुई थी। यहां हर सप्ताह जनसुनवाई आयोजित होती है, जिसमें लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं और सुनवाई के बाद संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं।



