स्वच्छता संगम-2025: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर किया सम्मान, 260 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
बिलासपुर (शिखर दर्शन) // बहतराई स्टेडियम में मंगलवार को ‘स्वच्छता संगम-2025’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाने के योगदान के लिए सम्मानित किया।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 260 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 63.57 करोड़ के 24 कार्यों का लोकार्पण और 197 करोड़ से अधिक के 25 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता में प्रथम स्थान लाने वाले नगरीय निकाय को 1 करोड़, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 लाख और तृतीय स्थान लाने वाले को 25 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने जन आंदोलन का रूप ले लिया है और छत्तीसगढ़ निरंतर इस दिशा में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 46 नगरीय निकायों में जीआईएस आधारित ऑनलाइन प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल की शुरुआत की, जिससे नागरिक घर बैठे संपत्ति कर जमा कर सकेंगे और कर संग्रहण में तेजी आएगी। कार्यक्रम में स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 नगरीय निकायों के साथ संभाग स्तर पर 30 से अधिक नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय सोर्स सेग्रीगेशन, अपशिष्ट प्रबंधन और गार्बेज फ्री सिटी के क्षेत्र में तेजी से नई पहचान बना रहे हैं। रायपुर नगर निगम ने देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया है और 20 हजार से कम आबादी वाले 58 शहरों को थ्री-स्टार रेटिंग मिली है।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वच्छता दीदी और स्वच्छता कमांडो बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




