बारात में ‘Kiss’ को लेकर विवाद: महिला ने आईजी से लगाई न्याय की गुहार, आरोप- पुलिस मांग रही पैसे और दे रही जेल भेजने की धमकी
सरगुजा (शिखर दर्शन) // बलरामपुर जिले के कोरोंधा थाना क्षेत्र के ग्राम हंसपुर में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक महिला को झूठे मामले में फंसाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित महिला जोगेश्वरी पति स्वर्गीय गिरजा शंकर ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच व न्याय की मांग की है।
मामला ग्राम हंसपुर का है, जहां पूर्णिमा नामक युवती का विवाह था। जशपुर के ग्राम इंचोली से आई बारात के स्वागत में गांव में पंडाल सजाया गया था। नाच-गाने के दौरान बारात में शामिल एक युवक ने एक युवती को किस कर दिया। इस हरकत से नाराज घराती और बाराती पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में विवाद और मारपीट में बदल गई।
विवाद की सूचना पाकर कोरोंधा पुलिस मौके पर पहुंची और कई लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। इन्हीं आरोपियों में गांव की जोगेश्वरी का नाम भी जोड़ दिया गया। महिला का कहना है कि घटना के समय वह वहां मौजूद ही नहीं थी, बल्कि अपने परिचित को बस स्टैंड छोड़ने गई हुई थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने बिना जांच के उनका नाम एफआईआर में शामिल कर दिया और अब उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
जोगेश्वरी ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिसकर्मी उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं, गालियां दे रहे हैं और जेल भेजने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर आईजी ने आश्वासन दिया है कि यदि वह घटना में शामिल नहीं पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस को पहले सही जांच करनी चाहिए, ताकि निर्दोष लोग झूठे मामलों में फंसने से बच सकें।