एसईसीएल मुख्यालय में अंगदान शपथ कार्यक्रम का आयोजन , CMD हरीश दुहन ने दिलाई शपथ

अंगदान–जीवन संजीवनी अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों की भागीदारी

बिलासपुर (शिखर दर्शन) // अंगदान जैसे महान कार्य के प्रति जन-जागरूकता और मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में अंगदान शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किए गए ‘अंगदान – जीवन संजीवनी अभियान’ के अंतर्गत किया गया, जो देश के पहले मृतक अंगदाता के योगदान की स्मृति में चलाया जा रहा है।
एसईसीएल के रिसेप्शन हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंगदान की शपथ दिलाई। उन्होंने अंगदान को एक पुण्य कार्य बताते हुए कहा कि इससे अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दिया जा सकता है।

इस अवसर पर एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अंगदान के महत्व को समझाने और इस दिशा में प्रेरित करने का कार्य किया गया।
कार्यक्रम में सहभागी सभी लोगों ने अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह पहल न केवल मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करती है, बल्कि देश में अंग प्रत्यारोपण की आवश्यकता को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।