मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में भारत मार्ट का किया दौरा, स्पेन रवाना होंगे; कांग्रेस अगस्त में घोषित करेगी नए जिला अध्यक्ष, बेंगलुरु में बिहार चुनाव को लेकर OBC नेताओं की बैठक शुरू

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने दुबई दौरे के अंतिम दिन सोमवार को भारत मार्ट का दौरा किया। यह मंच भारतीय एमएसएमई उत्पादों के वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख माना जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने और एमएसएमई सेक्टर को मजबूती देने को लेकर रणनीतिक चर्चाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने दुबई की अग्रणी लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक का उद्देश्य राज्य में निवेश आकर्षित करना और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देना रहा।

स्पेन रवाना होंगे मुख्यमंत्री, ग्लोबल डायलॉग में करेंगे निवेश पर चर्चा
दुबई दौरे के समापन के बाद डॉ. मोहन यादव सोमवार को ही स्पेन की राजधानी मेड्रिड के लिए रवाना होंगे। 16 से 19 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे में वे ‘ग्लोबल डायलॉग 2025’ के अंतर्गत वैश्विक निवेशकों से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा राज्य में निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और रोजगार सृजन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है।

कांग्रेस अगस्त में करेगी जिला अध्यक्षों की घोषणा, संगठन सृजन को मिल रही गति
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) अपने संगठन सृजन अभियान को अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अगस्त महीने में 66 संगठनात्मक जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। हाल ही में केंद्रीय व प्रदेश कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने बैठक कर अंतिम सूची तैयार कर AICC को सौंप दी है।

संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 20 पर्यवेक्षकों से इस अभियान की प्रगति का फीडबैक लिया। प्रत्येक जिले से छह नामों का पैनल छांटकर दो नामों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और उन्हें साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में दलित, आदिवासी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है।

बेंगलुरु में कांग्रेस की OBC बैठक शुरू, बिहार चुनाव को लेकर बनेगी रणनीति
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग की राजनीति को सशक्त करने की पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज बेंगलुरु में कांग्रेस की ओबीसी सलाहकार परिषद की दो दिवसीय पहली बैठक शुरू हुई। बैठक में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सचिन पायलट, वीरप्पा मोइली, बी.के. हरिप्रसाद समेत 40 प्रमुख ओबीसी नेता शामिल हो रहे हैं।

मध्य प्रदेश से प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और वरिष्ठ नेता कमलेश्वर पटेल बैठक में मौजूद हैं। यह बैठक कांग्रेस की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत पार्टी बिहार में महागठबंधन के साथ मिलकर एनडीए को चुनौती देने की तैयारी में है। बैठक में ओबीसी वर्ग के मुद्दों पर चर्चा कर पार्टी की नीतियों को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए ठोस सुझाव तैयार किए जाएंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!