मध्य प्रदेश के 19 जिलों में आज भारी बारिश का चेतावनी जारी, बाढ़ की संभावना बढ़ी
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जुलाई को प्रदेश के 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट मुख्य रूप से पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश के लिए है, जहां बाढ़ जैसे गंभीर हालात बनने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल से उठे निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से 11 से 14 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 8 इंच तक बारिश हो सकती है, जिससे नदियां और नाले उफान पर आ सकते हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
किस जिले में है अलर्ट?
आज के लिए जिन 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें जबलपुर, रीवा, सागर, सतना, पन्ना, दमोह, विदिशा, रायसेन, सिवनी, मंडला, बालाघाट, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, उमरिया, शहडोल, सिंगरौली और डिंडोरी शामिल हैं। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बादल गर्जना और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
बाढ़ और जलभराव की संभावना बढ़ी
मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से मंडला, नरसिंहपुर और जबलपुर जैसे जिलों में पहले ही बाढ़ के हालात बन चुके हैं। नर्मदा नदी के तटीय इलाकों में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है, कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने लोगों से नदियों और निचले इलाकों से दूर रहने की विशेष सलाह दी है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और मौसम चेतावनियों का पालन करने का आग्रह किया है। मानसून इस बार सामान्य से 74% अधिक सक्रिय है, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ होगा, लेकिन साथ ही बाढ़ और जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।
सभी नागरिकों से निवेदन है कि वे आवश्यक सतर्कता बरतें और सुरक्षित स्थानों पर रहें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
