छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का अनुमान, रायपुर में बादल छाए रहेंगे और बौछारें पड़ने की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज आज फिर बदलने वाला है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। दुर्ग, रायपुर और बस्तर जिलों में वर्षा की तीव्रता में कमी आएगी, जबकि बिलासपुर और सरगुजा संभागों के कुछ इलाकों में अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, जो बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। मानसून द्रोणिका भी विभिन्न क्षेत्रों से गुजर रही है, जिससे बारिश के प्रबल अवसर बने हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही, कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है, जिसमें उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र मुख्य रूप से प्रभावित रहेगा। हालांकि, प्रबल मानसूनी तंत्र के कारण रायपुर, दुर्ग और बस्तर में वर्षा की तीव्रता कम रहने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के अवसर बने रहेंगे। तापमान 24 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे मौसम सुहाना रहेगा।
जनता से अपील है कि आगामी दिनों में मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखें और आवश्यक सावधानी बरतें।
