मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश में सियासी संग्राम तेज : अशोकनगर में कांग्रेस का ‘न्याय सत्याग्रह’, दिल्ली रवाना होंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव

भोपाल (शिखर दर्शन) //
मध्यप्रदेश की राजनीति सोमवार को दो प्रमुख घटनाओं के केंद्र में रही। एक ओर अशोकनगर में कांग्रेस पार्टी ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी पर दर्ज एफआईआर के खिलाफ ‘न्याय सत्याग्रह’ आंदोलन का ऐलान कर सरकार पर हमला बोला, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अपनी दिल्ली यात्रा पर रवाना हो रहे हैं, जिससे राज्य और संगठन के बीच समन्वय को मजबूती मिलेगी।

अशोकनगर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

कांग्रेस पार्टी ने आज अशोकनगर में ‘न्याय सत्याग्रह’ के तहत जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को राजनीति से प्रेरित और झूठा बताते हुए आयोजित किया गया है। इस विरोध-प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव सहित कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह एफआईआर पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण है और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन करती है। इसी के विरोध में दोपहर 12 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता अशोकनगर एसपी कार्यालय का घेराव कर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।

प्रशासन ने हालात को देखते हुए अशोकनगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इतना ही नहीं, प्रशासन ने शहर के होटल, गेस्ट हाउस और शादी हॉलों को अधिग्रहित कर बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं को ठहरने से रोकने की व्यवस्था भी की है।


दिल्ली दौरे पर जाएंगे सीएम मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल

प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा में भी सोमवार को गतिविधियां तेज हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नव नियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल आज दिल्ली दौरे पर रवाना हो रहे हैं। यह दौरा खंडेलवाल के लिए खास मायने रखता है, क्योंकि यह उनकी अध्यक्षता संभालने के बाद पहली औपचारिक दिल्ली यात्रा है।

दोनों नेता दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा करेंगे। इससे आगामी निकाय चुनावों और संगठनात्मक मजबूती को लेकर रणनीति तय की जा सकती है।


भोपाल में मुख्यमंत्री की दो अहम बैठकें

दिल्ली प्रस्थान से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में दो महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। पहली बैठक सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री निवास में माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की होगी। इसके बाद 12:15 बजे वे मध्यप्रदेश मध्यम की प्रबंध समिति की बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे दिल्ली रवाना होंगे।


इन दोनों घटनाक्रमों ने मध्यप्रदेश की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है। एक ओर विपक्ष सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगा रहा है, वहीं सत्तापक्ष संगठन को सशक्त करने की दिशा में जुटा हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!