छत्तीसगढ़ में मानसून फिर हुआ सक्रिय, अगले एक सप्ताह तक कई जिलों में बारिश का अलर्ट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 26 जून से प्रदेश में व्यापक बारिश होने की संभावना जताई है। आज कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक अधिकतम तापमान माना में 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के दक्षिणी भाग में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक एक ऊपरी चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है, जो मानसूनी गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है। इसके साथ ही मध्य उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड और ओडिशा तक द्रोणिका प्रणाली और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय परिसंचरण भी बारिश को प्रोत्साहित कर रहा है।
रायपुर में मौसम का हाल:
रायपुर शहर में आज आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। एक-दो जगहों पर मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे मौसम सुहाना और उमस भरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने नागरिकों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले एक सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है, जो किसानों के लिए फायदेमंद होगी।
=========================
