बीमार महिला से जबरन धर्मांतरण की कोशिश: जबलपुर में ईसाई समुदाय के 4 लोगों पर FIR दर्ज, इलाज के नाम पर बनाया दबाव

जबलपुर (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले से एक बार फिर धर्मांतरण का गंभीर मामला सामने आया है। रांझी थाना क्षेत्र की परशुराम बस्ती में रहने वाली एक बीमार महिला ने आरोप लगाया है कि ईसाई समुदाय के कुछ लोगों ने इलाज के बहाने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। महिला के विरोध करने पर उसे धमकाया भी गया।

पीड़िता ने इस मामले में रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी उसके घर आकर हिंदू देवी-देवताओं के फोटो हटाए थे और इस बार फरवरी में भी धर्म परिवर्तन के लिए संपर्क किया गया था। हाल ही में फिर से वे लोग घर पहुंचे और इलाज का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगे।
महिला ने स्पष्ट रूप से धर्मांतरण से इनकार कर दिया, जिस पर उसे धमकाया गया। पुलिस ने IPC की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है और लोग इसे धार्मिक आस्था पर हमला मान रहे हैं।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



