दिल्ली से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट 6E 2006 तकनीकी खराबी के कारण वापस दिल्ली लौटी

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // गुरुवार सुबह दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 को टेकऑफ के कुछ ही समय बाद तकनीकी समस्या के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लैंड करना पड़ा। इस फ्लाइट में चालक दल सहित कुल 180 लोग सवार थे, जिन्हें इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट 6E 2006 सुबह लगभग 6:30 बजे दिल्ली से लेह के कुशोक बकुला रिमपोछे एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई। उड़ान सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन लेह पहुंचने से पहले विमान में तकनीकी खराबी आई। पायलट ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल विमान को वापस दिल्ली लौटाने का निर्णय लिया।
इंडिगो एयरलाइन ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि इस दौरान कोई आपातकालीन स्थिति घोषित नहीं की गई थी। एयरलाइन ने कहा कि वह जल्द ही इस मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। हालांकि, फिलहाल तकनीकी खराबी के कारण और फ्लाइट के डायवर्जन के संबंध में इंडिगो की ओर से अधिक जानकारी नहीं दी गई है।
इस घटना के बावजूद यात्रियों को सुरक्षित निकाला जाना एयरलाइन की तत्परता और सुरक्षा मानकों को दर्शाता है।



