आवारा सांडों की लड़ाई में फंसी महिला, बचने की कोशिश की… पर नहीं बच सकी जान, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
गरियाबंद (शिखर दर्शन) // ज़िले के मैनपुर ब्लॉक के सारनाबहाल गांव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव की मुख्य सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे, तभी वहां से गुजर रही 35 वर्षीय महिला पीलाबुड़ू अचानक उनकी चपेट में आ गई। लड़ते हुए एक सांड ने महिला को पेट और सीने में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला सड़क किनारे से सामान्य रूप से गुजर रही थी, तभी एक सांड ने उसे अचानक निशाना बनाकर हमला कर दिया। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाएं भविष्य में न हों।