मुख्यमंत्री साय दिल्ली दौरे पर, नक्सल अभियान और विकास योजनाओं पर होगी पीएम से चर्चाराजधानी में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, कोर्ट में शराब घोटाले की पेशी, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक आयोजनों से गुलजार रहेगा दिन

रायपुर (शिखर दर्शन) //
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना हो गए हैं। वे शुक्रवार सुबह 8:20 बजे मुख्यमंत्री निवास से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे और 9:15 बजे की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे सुबह 11:10 बजे दिल्ली पहुंचकर दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ सदन पहुंचेंगे। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जहां वे छत्तीसगढ़ में चल रहे विकास कार्यों और नक्सल विरोधी अभियानों में मिल रही सफलता की जानकारी देंगे।
कांग्रेस करेगी युक्तियुक्तकरण का विरोध
राज्य सरकार द्वारा स्कूलों के युक्तियुक्तकरण के फैसले के खिलाफ कांग्रेस आज राज्यभर में विरोध प्रदर्शन करेगी। पहले चरण में सभी जिलों में प्रेसवार्ताएं आयोजित की जाएंगी। इसी क्रम में रायपुर शहर कांग्रेस सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
रायपुर कलेक्टर देंगे जानकारी
युक्तियुक्तकरण को लेकर रायपुर जिला कलेक्टर गौरव कुमार आज सुबह 10:30 बजे रेडक्रॉस सभागृह में प्रेसवार्ता करेंगे। इस दौरान जिले के स्कूलों की संख्या, शिक्षकों की स्थिति, मर्ज किए गए स्कूलों और काउंसलिंग की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
शराब घोटाले में विजय भाटिया की पेशी
राज्य के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार कारोबारी विजय भाटिया को आज ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। उन्हें पहले एक दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था। आज की पेशी के दौरान ईओडब्ल्यू पूछताछ के लिए आगे की अनुमति मांग सकती है।
भाजपा की कार्यशाला आज
मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे ‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान के तहत रायपुर शहर जिला भाजपा की कार्यशाला आज रजबंधा मैदान स्थित एकात्म परिसर में आयोजित होगी। इसमें सांसद संतोष पांडेय, वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, संभाग प्रभारी सौरभ सिंह सहित अन्य विधायक शामिल होंगे।
नक्सल रणनीति पर दिल्ली में बैठक, डिप्टी सीएम होंगे शामिल
राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली अहम बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। रवाना होने से पूर्व शर्मा ने बताया कि आज भी एक नक्सली सीसी मेंबर मुठभेड़ में ढेर किया गया है। साथ ही उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों पर हुई समीक्षा बैठक की भी जानकारी दी।
अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी आज देंगे धरना
राज्यभर के अंशकालीन स्कूल सफाई कर्मचारी आज अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर जिला मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन करेंगे। वे पूर्णकालिक कर्मचारी घोषित कर कलेक्टर दर पर वेतन और युक्तियुक्तकरण से प्रभावित कर्मचारियों के समायोजन की मांग कर रहे हैं। 43,301 कर्मचारी तीन चरणों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर चुके हैं।
राजधानी में आज के सांस्कृतिक आयोजन
- गायन प्रतियोगिता: जिला अधिवक्ता संघ रायपुर द्वारा ‘मेरी आवाज सुनो’ गायन प्रतियोगिता आज दोपहर 2 बजे से जिला न्यायालय परिसर में।
- समर कैंप: सिंधी पंचायत टिकरापारा और महिला विंग द्वारा शाम 5 से 7 बजे श्रीवरुण भवन में समर कैंप का आयोजन।
- परिवर्धनम् शिविर: श्रीसाधुमार्गी जैन संघ रायपुर द्वारा 8 दिवसीय आवासीय शिविर होली हार्ट्स स्कूल, सिविल लाइंस में जारी है, जिसमें 10 से 30 वर्ष तक के अविवाहित युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं।
(शिखर दर्शन सभी घटनाक्रमों पर निकट से नजर रख रहा है, अपडेट के लिए जुड़े रहें)
