छत्तीसगढ़: भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत, पिता घायल – शादी से लौट रहे परिवार की कार पुल से टकराई, इलाके में छाया मातम
धमतरी (शिखर दर्शन) // धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बेलर निवासी त्रिलोक देवांगन अपनी पत्नी प्रेमलता देवांगन और बेटे जयकांत देवांगन के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने दुर्ग गए थे। कार्यक्रम के बाद तीनों रात करीब 11 बजे अपनी कार से लौट रहे थे, तभी सिहावा मार्ग पर टांगापानी और घोटगांव के बीच उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में प्रेमलता देवांगन और उनके पुत्र जयकांत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि त्रिलोक देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एंबुलेंस से उपचार के लिए धमतरी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदय विदारक दुर्घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
____________________________________________________
