रायपुर संभाग

हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर के घर पुलिस की दबिश: प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट के मामले में नकदी, सोना, हथियार और लग्जरी गाड़ियां जब्त

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर के घर दबिश दी। क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त 25 सदस्यीय टीम ने कोर्ट से सर्च वारंट लेकर यह कार्रवाई की, जो करीब 15 घंटे तक चली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घर से बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, हथियार, दस्तावेज और लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मौके से पिस्टल, कारतूस, जमीन से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लाखों रुपये नकद और सोना मिला है। साथ ही एक थार और एक बीएमडब्ल्यू कार भी जब्त की गई है। फिलहाल रोहित तोमर और उसका भाई वीरेंद्र तोमर फरार हैं। पुलिस उनके परिजनों से पूछताछ कर रही है।

घटना 31 मई की रात करीब 12:15 बजे की है, जब सड्डू कैपिटल सिटी फेस-01 निवासी प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला उर्फ निक्की अपने दोस्त हरीश बेलानी के साथ खाना खाने एलओडी रेस्टोरेंट गया था। बाहर निकलते समय रोहित तोमर ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित दशमीत ने बताया कि रोहित पास रखे डंडे से उस पर हमला करने वाला था, लेकिन मौके पर मौजूद रेस्टोरेंट के बाउंसरों ने बीच-बचाव करते हुए डंडा छीन लिया। इसके बावजूद रोहित के साथ आए प्राइवेट बाउंसरों ने दशमीत को पकड़ लिया और मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।

मारपीट की सूचना मिलने पर जब दशमीत ने अपने भाई दलजीत चावला को फोन किया, तो रोहित ने उन्हें भी मोबाइल पर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!