राष्ट्रीय

त्राल के जंगलों में सेना का ऑपरेशन, 3 आतंकी मारे गए, सर्च अभियान जारी

JK एनकाउंटर: त्राल के जंगलों में सेना का बड़ा ऑपरेशन, जैश के 3 आतंकी ढेर, लगातार दूसरे दिन मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर (शिखर दर्शन) // जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल क्षेत्र में भारतीय सेना और सुरक्षाबलों ने आतंक के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ पुलवामा जिले के नादेर गांव में हुई, जहां आतंकियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी के आधार पर सेना ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।

सूत्रों के अनुसार, आतंकियों ने खुद को घिरा देख जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकवादी मारे गए। हालांकि, सेना की ओर से अभी इस एनकाउंटर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।

48 घंटे में दूसरा बड़ा एनकाउंटर

त्राल एनकाउंटर से ठीक एक दिन पहले मंगलवार को शोपियां जिले के केलर इलाके में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकियों को मार गिराया था। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन केलर’ नाम दिया गया था, जिसमें मारे गए आतंकियों की पहचान शाहिद कुट्टे और अदनान शफी डार सहित तीन स्थानीय आतंकियों के रूप में हुई थी। ये दोनों बीते वर्षों में लश्कर से जुड़े थे और कई आतंकी घटनाओं में शामिल थे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बौखलाया पाकिस्तान

इस मुठभेड़ की पृष्ठभूमि में हाल ही में सेना द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी उल्लेख किया जा रहा है, जिसे पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया गया था। इस ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान में बेचैनी साफ देखी जा रही है। बार-बार आतंकी घुसपैठ की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन सेना की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आतंकियों के मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।

लगातार जारी है सेना का आतंक विरोधी अभियान

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने बीते कुछ महीनों से आतंक के खिलाफ सघन अभियान चलाया हुआ है। सटीक खुफिया सूचना और स्थानीय सहयोग से सेना आतंकियों को लगातार उनके ठिकानों पर ही निशाना बना रही है। शोपियां, त्राल, और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तेज़ कर दिए गए हैं।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!