मध्यप्रदेश

MP Weather Update: खजुराहो सबसे गर्म, ग्वालियर में 40 डिग्री के पार तापमान, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश में मौसम इन दिनों अचानक बदल रहा है। एक ओर जहां सुबह से तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है, वहीं दोपहर के बाद कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जाता है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सात संभागों के कई जिलों में आज आंधी-तूफान और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार, एक साथ तीन वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हैं, जिससे मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित 40 से अधिक जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

गर्मी का असर भी कम नहीं है। सोमवार को खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ग्वालियर और सतना में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री, इंदौर में 36.7 डिग्री, उज्जैन में 37.8 डिग्री और जबलपुर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग में फिलहाल मौसम साफ है, जिससे इन क्षेत्रों में तेज धूप और गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है।

इन जिलों में जारी हुआ आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने जिन जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी दी है, उनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, निवाड़ी, टीकमगढ़, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, पांढुर्णा, ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर शामिल हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम इसी तरह करवट बदलता रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें और सावधानी बरतें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!