मध्यप्रदेश

मोहन कैबिनेट की बैठक आज, अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर; ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा का आयोजन, 14 मई को भाजपा कार्यालय में रणनीतिक बैठक

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। यह कैबिनेट बैठक मंत्रालय में सुबह 11 बजे शुरू होगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी जा सकती है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिनभर का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त रहेगा। कैबिनेट बैठक के बाद दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक वे मुलाकात के लिए समय देंगे। इसके बाद वे शाम 3 बजे से 4 बजे तक सीएम हाउस में पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण, तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदायों के कल्याण को लेकर समीक्षा बैठक लेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री जबलपुर के लिए रवाना होंगे, जहां शाम 4.50 से 5.15 बजे तक आईटी पार्क में सांदीपनि विद्यालय का भूमिपूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात 5.45 से 6.00 बजे तक एक प्राइवेट अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। 6.30 बजे ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे रात 8 बजे भोपाल लौट आएंगे।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली जाएगी तिरंगा यात्रा

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर मध्य प्रदेश में भी भारतीय जनता पार्टी तिरंगा यात्रा का आयोजन करेगी। यह यात्रा 13 मई से 23 मई तक चलेगी, जिसमें ऑपरेशन की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रस्तुत किया जाएगा।

इस तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। मध्य प्रदेश में भी इस अभियान को लेकर विशेष आयोजन होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं भाग लेंगे।

14 मई को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में होगी महत्वपूर्ण बैठक

भाजपा प्रदेश कार्यालय में 14 मई को एक बड़ी बैठक बुलाई गई है, जिसमें सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को लेकर 21 मई से 31 मई तक चलने वाले समारोहों की रूपरेखा तय की जाएगी। इसमें मंत्री, सांसद, विधायक सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी भागीदारी रहेगी।

यह आयोजन न केवल प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करेगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की एक कोशिश भी मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!