रायपुर संभाग

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान छत्तीसगढ़ दौरे पर, सीएम साय के साथ आज अंबिकापुर में लेंगे विकास कार्यों की समीक्षा

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। सोमवार देर रात वे रायपुर पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास में मुलाकात की। आज सुबह 10 बजे मंत्रालय महानदी भवन में वे कृषि और ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री साय, कृषि मंत्री विजय शर्मा और पंचायत मंत्री रामविचार नेताम भी शामिल होंगे।

बैठक के पश्चात दोपहर में मंत्री चौहान अंबिकापुर जाएंगे, जहां वे “प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण” कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां वे हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपेंगे और 51 हजार नवनिर्मित आवासों के लिए सामूहिक गृह प्रवेश कराएंगे। साथ ही, स्व-सहायता समूह की ‘लखपति दीदियों’ को सम्मानित भी किया जाएगा।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज अंबिकापुर दौरा, प्रधानमंत्री आवास कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री साय का दिन भर का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। वे सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 9:55 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे, जहां 10 से 11:30 बजे तक विभागीय समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वे अंबिकापुर रवाना होंगे, जहां दोपहर 1:15 से 3:00 बजे तक प्रधानमंत्री आवास योजना के आयोजन में शामिल होंगे। शाम 4:50 बजे रायपुर लौटने के बाद वे पुनः मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे।


धान की नीलामी और प्राइज मैचिंग की प्रक्रिया आज से फिर शुरू

राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के तहत समर्थन मूल्य पर खरीदे गए 32 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त धान की ऑनलाइन नीलामी चल रही है, लेकिन कम विक्रय दर के चलते खरीदारों की रुचि कम है। पहले चरण में केवल 8 लाख मीट्रिक टन धान की नीलामी हो सकी। अब दूसरे चरण की नीलामी और प्राइस मैचिंग की प्रक्रिया आज से पुनः आरंभ हो रही है। शासन ने न्यूनतम बिक्री दर निर्धारित की है, लेकिन समर्थन मूल्य से कम दर पर बिक्री से करोड़ों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।


रायपुर के जोन-3 में आज सुशासन तिहार, नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु समाधान शिविर

रायपुर नगर निगम द्वारा सुशासन तिहार के अंतर्गत जोन-3 के सात वार्डों के लिए आज सिंधु भवन, शंकर नगर में समाधान शिविर आयोजित किया जा रहा है। निगम आयुक्त विश्वदीप ने बताया कि इस शिविर में 8 से 11 अप्रैल तक प्राप्त आवेदनों के समाधान की स्थिति की जानकारी दी जाएगी। आगामी शिविर क्रमशः 15, 19, 20, 23 और 27 मई को जोन-5 से 9 के विभिन्न स्थानों में लगाए जाएंगे।


खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ को कलरिपयटू में कांस्य पदक, अब तक दो पदक जीते

बिहार के गया में चल रहे 7वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में छत्तीसगढ़ को कलरिपयटू मार्शल आर्ट में दूसरा पदक मिला है। कोरबा की रागिनी और तवर्णा पटेल की जोड़ी ने लाठी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। इससे पहले 11 मई को छत्तीसगढ़ ने लाठी स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था।


छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा मिजाज, कुछ इलाकों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। कुछ क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। सोमवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


कुंथुनाथ जिनालय में आज ध्वजा महोत्सव, भक्ति संध्या और शोभायात्रा का आयोजन

रायपुर के सन्मति नगर स्थित कुंथुनाथ जिनालय में 24वीं वर्षगांठ और 25वें ध्वजा महोत्सव के उपलक्ष्य में दो दिवसीय आयोजन चल रहा है। आज सुबह 6 बजे से साधु-साध्वी संघ के मंगल प्रवेश के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। शोभायात्रा, श्रीसत्तरभेदी पूजा और ध्वजारोहण सहित कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। पूजा का लाभ धर्मचंद लुंकड़ परिवार द्वारा लिया गया।


“अशांत मन से शांत जीवन की ओर” विषय पर विशेष प्रवचन आज

मेघराज बेगानी धार्मिक एवं पारमार्थिक ट्रस्ट तथा वर्धमान श्रीसंघ के संयुक्त तत्वावधान में आज श्रीवर्धमान मंदिर, न्यू राजेंद्र नगर में विशेष प्रवचन आयोजित किया गया है। यह प्रवचन सुबह 8:30 से 9:45 बजे तक चलेगा, जिसमें “अशांत मन से शांत जीवन की ओर” विषय पर चर्चा की जाएगी।


Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!