रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में पांच दिन तक बदले रहेंगे मौसम के मिजाज, 17 जिलों में बारिश-बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट; बिलासपुर सबसे गर्म

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेशवासियों को तपती गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है, क्योंकि अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

सोमवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रायपुर में अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 29°C के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी में आसमान आंशिक रूप से मेघाच्छादित रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और सरगुजा शामिल हैं।

मौसम में बदलाव की वजह
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक द्रोणिका बिहार से झारखंड तक 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर फैली हुई है, जिसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है। इसके असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। साथ ही, अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।

तापमान में भी आएगा बदलाव
मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। यानी गर्मी अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है, लेकिन बारिश और हवाओं की सक्रियता से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!