बालाघाट दौरे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव: पुलिस जवानों को प्रमोशन और मेधावी छात्रों को मिलेगा सम्मान, अवैध खनन पर सख्ती के संकेत

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। वे यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, जिसमें जल संरक्षण, पुलिस कर्मियों के विशेष प्रमोशन और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान जैसे मुख्य बिंदु शामिल हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री प्रदेश में अवैध खनन पर सख्ती के सरकार के रुख का भी स्पष्ट संकेत देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11:55 बजे इंदौर एयरपोर्ट से गोंदिया के लिए रवाना होंगे और दोपहर 12:50 बजे गोंदिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा लांजी तहसील के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:10 बजे लांजी पहुंचकर वे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत लांजी की बावड़ी में कराए गए कार्यों का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे रानी अवंति बाई स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 64 पुलिस जवानों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन प्रदान करेंगे। साथ ही, प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह दौरा करीब दो घंटे का रहेगा। वे दोपहर 3 बजे गोंदिया एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और 3:15 बजे वहां पहुंचने के बाद 3:20 बजे विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
अवैध खनन पर सरकार का कड़ा रुख
प्रदेश में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सरकार अब तकनीक की मदद लेने जा रही है। खनिज विभाग ने 7500 से अधिक खदानों की जियो टैगिंग कर ली है और जल्द ही एक ऑनलाइन निगरानी तंत्र लॉन्च किया जाएगा। इस प्रणाली के तहत स्वीकृत मात्रा से अधिक खनन होने की जानकारी तुरंत मिल सकेगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जहां प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है, वहीं जनता के बीच यह दौरा पुलिसकर्मियों और छात्रों को मिलने वाले सम्मान के कारण उत्साह का विषय बना हुआ है।



