पाक तनाव के बीच एमपी के 5 जिलों में मॉक ड्रिल आज, सीएम मोहन की मैराथन बैठकें, ताप्ती परियोजना पर 10 अप्रैल को एमओयू, कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का दौरा

भोपाल (शिखर दर्शन) // पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच मध्यप्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में आज शाम युद्धकालीन हालात से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और कटनी में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक यह अभ्यास चलेगा। मॉक ड्रिल के दौरान ब्लैकआउट का समय 7.40 बजे निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं, यह केवल सुरक्षा अभ्यास है।
इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की आज मंत्रालय में मैराथन बैठकें जारी हैं। सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक वे वीर भारत न्यास की समीक्षा करेंगे, जिसमें महाकाल लोक के लिए स्थायी मूर्तिकला कार्यशाला और वीर भारत संग्रहालय के कार्यों की प्रगति पर चर्चा होगी। इसके बाद 12.30 से 1.30 बजे तक महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा की जाएगी। 1.30 से 2.30 बजे तक मुख्यमंत्री आम नागरिकों से मुलाकात का समय आरक्षित है।
इसके बाद सीएम दोपहर 2.30 से 3 बजे तक वृहद परियोजना नियंत्रण मंडल की बैठक और 3 से 4 बजे तक खनिज साधन विभाग की बैठक लेंगे। 4 बजे से 4.45 बजे तक मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम की 46वीं संचालक मंडल बैठक होगी।
एक अन्य महत्वपूर्ण विकास के तहत, 10 अप्रैल को महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच ताप्ती बेसिन मेगा रिचार्ज परियोजना पर एमओयू किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस अवसर पर भोपाल में मौजूद रहेंगे। इस परियोजना से न केवल दोनों राज्यों को सिंचाई और पेयजल सुविधा में लाभ मिलेगा, बल्कि गुजरात को भी इसका लाभ मिलेगा। यह परियोजना नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत एक बड़ी पहल मानी जा रही है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी आज भोपाल प्रवास पर हैं। सुबह 9.30 बजे उन्होंने चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक की। इसके बाद प्रशिक्षण विभाग, मीडिया विभाग और संगम नेतृत्व टीम के साथ भी बैठकें हुईं। शाम 5.30 बजे वे भोपाल से रतलाम रवाना होंगे और रात्रि विश्राम वहीं करेंगे।
——————————————————
