सीएम डॉ. मोहन यादव की मुस्लिम समाज को सौगात: वक्फ बोर्ड का नया भवन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर बनेगा
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुस्लिम समाज को एक अहम सौगात दी है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित वक्फ सुधार जन जागरण कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के लिए एक नए भवन के निर्माण का ऐलान किया। खास बात यह है कि यह भवन भारत के पूर्व राष्ट्रपति और मिसाइल मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के नाम पर बनाया जाएगा।
इस घोषणा के साथ मुख्यमंत्री ने वक्फ सुधार की दिशा में मजबूत कदम उठाने का संदेश दिया और कहा कि हमारा उद्देश्य लोकहितकारी और जनकल्याणकारी संकल्पों को साकार करना है, ताकि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा, “गरीबों का उत्थान और हर तबके को समान अवसर देना हमारी प्राथमिकता है। इस पावन ध्येय के साथ हम सभी को मिलकर लगातार कार्य करना होगा।”
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल, मुस्लिम धर्मगुरु, उलेमा, बुद्धिजीवी वर्ग और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल को मुस्लिम समाज के उत्थान की दिशा में एक सकारात्मक और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
