रायपुर संभाग

राज्य में अवैध शराब पर सीएम सख्त: बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव के तीन आबकारी अधिकारी निलंबित, 6 वरिष्ठ अफसरों को नोटिस

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कड़े निर्देशों के तहत राज्य में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। आबकारी विभाग की लापरवाही पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में राज्य स्तरीय उड़नदस्ते द्वारा बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों में की गई छापेमारी के दौरान अवैध शराब का बड़ा मामला उजागर हुआ, जिसके बाद तीन सर्किल अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है, वहीं विभाग के छह वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है।

बलौदाबाजार में जब्त हुईं 104 पेटी विदेशी शराब
बलौदाबाजार जिले के ग्राम बनसांकरा में अप्रैल माह में की गई छापामार कार्रवाई में मध्यप्रदेश की 104 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई थी। इस मामले में दोषी पाए जाने पर वृत्त प्रभारी श्रीमती मोतिन बंजारे को निलंबित किया गया है। साथ ही जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह और सहायक आबकारी अधिकारी जलेस सिंह को नोटिस जारी किया गया है।

महासमुंद में मिली उड़ीसा, गोवा और देशी शराब
महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में 3 मई को की गई कार्रवाई में 14 पेटी देशी शराब, 8 पेटी गोवा की शराब, 14 पेटी उड़ीसा की बीयर और 13 नग विदेशी मदिरा जब्त की गई। इसके चलते वृत्त प्रभारी मुकेश कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है, जबकि जिला आबकारी अधिकारी निधिश कोष्ठी और मंडल प्रभारी उत्तम बुद्ध भारद्वाज से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

राजनांदगांव में फार्म हाउस से मिली 432 पेटी शराब
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित करवारी-लतमर्रा मार्ग पर एक फार्म हाउस में पुलिस ने छापा मारकर 432 पेटी विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल और 4 हजार होलोग्राम जब्त किए। इस गंभीर मामले में वृत्त प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित किया गया है, जबकि तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त यदुनंदन राठौर और मंडल प्रभारी संदीप सहारे को नोटिस जारी किया गया है।

सीएम ने दिए थे सख्त निर्देश, ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा था कि इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।

कड़ी चेतावनी: लापरवाही पर तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई
आबकारी सचिव मुकेश बंसल और आयुक्त श्याम धावडे ने सभी जिला एवं मंडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!