Blog

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने तहसील एवं जनपद कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सारंगढ़-बिलाईगढ़ (शिखर दर्शन) //
राजस्व कार्यों की गति को और तेज करने एवं लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने मंगलवार को तहसील कार्यालय सरसीवा और भटगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसीलदारों से राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नामांतरण, फौती नामांतरण, सीमांकन, डायवर्सन और रिकॉर्ड दुरुस्ती जैसे सभी राजस्व प्रकरणों को पंजीबद्ध करने और उनकी उचित निगरानी हेतु संबंधित वाचक तहसीलदारों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने समय सीमा से बाहर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता से सुलझाने के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. कन्नौजे ने तहसील कार्यालय में उपस्थित कृषकों, ग्रामीणों, कोटवारों और अधिवक्ताओं से बातचीत कर कार्यालय की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। सरसीवा तहसील में भवन की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें बताया गया कि तहसील कार्यालय का स्वयं का भवन अब तक निर्मित नहीं हो सका है। इस पर उन्होंने चिन्हांकित शासकीय भूमि का अवलोकन कर लोक निर्माण विभाग से भवन निर्माण की प्रक्रिया की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश तहसीलदार पूनम तिवारी को दिए।

गौरतलब है कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के आधार पर कलेक्टर ने पूर्व में राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया था कि वे प्रत्येक मंगलवार को बैठक लेकर प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। इसी क्रम में इन तहसीलों का निरीक्षण कर उन्होंने जमीनी स्तर पर निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!