छत्तीसगढ़ में अगले 3 घंटे में तेज बारिश और तूफान की चेतावनी , कई जिलों में रेड अलर्ट, रायपुर में 4 घंटे से कई जिलों में रेड अलर्ट, रायपुर में 4 घंटे से गुल है बिजली

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे राज्य के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया। दोपहर बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदला और देखते ही देखते कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें भी सामने आईं, जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के भीतर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताते हुए येलो, ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
येलो अलर्ट वाले जिले:
कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, बलरामपुर और जशपुर जिलों में सतही हवा के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़, कोरबा, सरगुजा, सूरजपुर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों में मध्यम दर्जे की गरज के साथ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
रेड अलर्ट वाले जिले:
कबीरधाम, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कांकेर, बालोद, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार और बेमेतरा जिलों में गंभीर तूफान, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
राजधानी रायपुर में बिजली संकट
राजधानी रायपुर में आंधी-तूफान के कारण पिछले चार घंटों से बिजली आपूर्ति बाधित है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) ने जानकारी देते हुए बताया कि “01 मई 2025 को शाम 4:45 बजे से रात 9:45 बजे तक 11 केवी अशोका रतन-1 फीडर में ब्रेकडाउन मेंटेनेंस के कारण बिजली बंद रही।” इससे शहर के कई इलाकों में अंधेरा छा गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम के कहर से बचाव के लिए सावधानी जरूरी
राज्य के लोगों से अपील की गई है कि वे तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।

