सेंट्रल जेल रायपुर में कैदी ने फांसी लगाकर दी जान, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
रायपुर (शिखर दर्शन) // सेंट्रल जेल रायपुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गंभीर अपराधों में बंद कैदी ओम प्रकाश निषाद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस और जेल प्रशासन आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। इस घटना ने एक बार फिर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जेल अधीक्षक अमित शांडिल्य ने बताया कि ओम प्रकाश निषाद 2016 से हत्या (302) और पॉक्सो सहित कई गंभीर मामलों में जेल में बंद था। वह महासमुंद जिले के एक गांव का रहने वाला था। आत्महत्या के बाद मृतक का शव मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया रविवार को पूरी कर परिजनों को शव सौंपा जाएगा।
यह पहला मामला नहीं
रायपुर सेंट्रल जेल में किसी बंदी द्वारा आत्महत्या का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 28 जनवरी 2025 को अफ्रीकी मूल के बंदी पेट्रिक ने भी जेल में फांसी लगाकर जान दे दी थी। वह 2021 से ड्रग्स केस में जेल में बंद था। उस मामले में भी ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कर कार्रवाई की गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था पर बार-बार सवाल
सेंट्रल जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। नवंबर 2024 में जेल परिसर के मुख्य गेट पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
