“आतंकवादियों से मिले हैं उमर अब्दुल्ला…” दिग्विजय के भाई लक्ष्मण सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, राहुल गांधी और वाड्रा को दी नसीहत
गुना (शिखर दर्शन) // जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने अपनी ही पार्टी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। राघौगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा के दौरान लक्ष्मण सिंह ने कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला आतंकवादियों से मिले हुए हैं, जिससे देश और पार्टी की छवि को नुकसान हो रहा है।
लक्ष्मण सिंह ने इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग की। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखने की बात भी कही। इसके अलावा, लक्ष्मण सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और उनके रिश्तेदार रॉबर्ट वाड्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने वाड्रा के बयान को लेकर उन्हें और राहुल गांधी को नसीहत देते हुए कहा कि “इस तरह की नादानियों के कारण ही देश में ऐसी घटनाएं घटित होती हैं।”
लक्ष्मण सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे यह सब कैमरे के सामने बोल रहे हैं, क्योंकि उनके लिए देश सबसे पहले है। उन्होंने पार्टी को चेतावनी दी कि अगर उन्हें निकालना है, तो निकाल दे, लेकिन कांग्रेस नेताओं को अपने शब्दों पर गहरे विचार करने की आवश्यकता है, क्योंकि आने वाले चुनावों में इसका परिणाम भोगना पड़ेगा।
लक्ष्मण सिंह ने उमर अब्दुल्ला की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठाए और कहा कि उनका रवैया देश के सुरक्षा हालात के लिए खतरनाक हो सकता है।
